Thursday, April 16, 2015

दिल्ली डेयरडेविल्स की 11 हार के बाद पहली जीत, युवी-मयंक रहे जीत के हीरो

आईपीएल-8 के 10वें मुकाबले में मयंक अग्रवाल (68) और युवराज सिंह (55) की तूफानी पारियों की बदौलत दिल्ली डेयरडेविल्स ने किंग्स इलेवन पंजाब को 5 विकेट से हरा दिया। किंग्स इलेवन पंजाब ने पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवर्स में 7 विकेट के नुकसान पर 165 रन बनाए। जवाब में दिल्ली डेयरडेविल्स ने एक बॉल शेष रहते 169 रन बनाकर 5 विकेट से जीत दर्ज की। दिल्ली की यह 11 हार के बाद पहली जीत है। इस जीत के साथ उसका आईपीएल-8 में खाता खुला। 68 रनों की पारी खेलने वाले मयंक को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दिल्ली को दिया 166 रनों का टारगेट
इससे पहले वीरेंद्र सहवाग (47) और रिद्धिमान साहा (39) के बीच हुई दूसरे विकेट के लिए 71 रनों की पारी की बदौलत किंग्स इलेवन पंजाब ने दिल्ली डेयरडेविल्स को जीत के लिए 166 रनों का टारगेट दिया। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने वाली किंग्स इलेवन पंजाब ने शानदार शुरुआत की। मुरली विजय और सहवाग ने पहले विकेट के लिए 5 ओवर्स में 33 रन जोड़े। किंग्स इेलवन पंजाब ने निर्धारित 20 ओवर्स में 7 विकेट के नुकसान पर 166 रन बनाए। दिल्ली के लिए इमरान ताहिर ने तीन विकेट चटकाए। कप्तान जेपी डुमिनी को दो विकेट मिले, जबकि एंजिलो मैथ्यूज, अमित मिश्रा को एक-एक विकेट मिले।

सहवाग-विजय ने दी शानदार शुरुआत
वीरेंद्र सहवाग (47) ने मुरली विजय (19) के साथ किंग्स इलेवन को अच्छी शुरुआत दिलाई, हालांकि विजय इस साझेदारी को ज्यादा आगे नहीं ले जा सके। पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर एंजेलो मैथ्यूज ने उन्हें कप्तान जेपी डुमिनी को हाथों कैच आउट करवा दिया। सहवाग ने इसके बाद रिद्धिमान साहा (39) के साथ दूसरे विकेट के लिए 71 रनों की तेज साझेदारी कर टीम को पहले झटके से उबार लिया। 28 गेंदों में तीन छक्का लगा चुके साहा की पारी 14वें ओवर की पांचवीं गेंद पर अमित मिश्रा ने खत्म की।

साहा हुए बोल्ड
साहा 104 के कुल योग पर अमित मिश्रा की बॉल पर क्लीन बोल्ड हो गए। साहा के जाने के बाद अगले ही ओवर में सहवाग भी डुमिनी की गेंद पर नाथन कुल्टर के हाथों लपके गए। सहवाग ने इस बीच 41 गेंदों की अपनी सधी हुई पारी में चार चौके और दो छक्के लगाए। अब तक मजबूत नजर आ रहे किंग्स इलेवन हालांकि अगले तीन ओवरों में तीन विकेट और गंवा बैठे और अपेक्षित गति से रन बनाने में नाकाम रहे।

मैक्सवेल लौटे सस्ते में
सहवाग के जाने के बाद मैदान पर उतरे ग्लेन मैक्सवेल (15) ने आते ही तेज शॉट खेलना शुरू किया और दो छक्के जड़ दिए, हालांकि इमरान ताहिर ने इसी ओवर में उन्हें मनोज तिवारी के हाथों कैच करा पवेलियन भेज दिया। डुमिनी ने अपने अगले ओवर में डेविड मिलर (5) को क्लीन बोल्ड कर किंग्स इलेवन को पांचवां झटका दे दिया।
इमरान ताहिर को 3 विकेट आखिरी तीन ओवरों में 28 रन जोड़ने वाले जॉर्ज बैली (19) और अक्षर पटेल (13) आखिरी के दो गेंदों पर आउट हुए। इमरान ताहिर ने इन दोनों का विकेट लिया। डेयरडेविल्स के लिए ताहिर ने सर्वाधिक तीन विकेट लिया, हालांकि कुल्टर सबसे किफायती गेंदबाज रहे।

दिल्ली की पारी : मयंक-श्रेयस ने दिलाई शानदान शुरुआत
165 रनों के टारगेअ का पीछा करते हुए डेयरडेविल्स को मयंक अग्रवाल और श्रेयस अय्यर (6) ने अच्छी शुरुआत दिलाई, हालांकि अय्यर तीसरे ओवर की 5वीं बॉल पर अनुरीत सिंह को कैच थमा बैठे। इसके बाद कप्तान जेपी डुमिनी (21) ने मयंक के साथ स्कोर को उसी गति से आगे बढ़ाना शुरू किया। डुमिनी अच्छी लय में नजर आ रहे थे, लेकिन आठवें ओवर की दूसरी गेंद पर वह दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट होकर पवेलियन लौट गए।

युवी ने खेली 55 रनों की पारी
इसके बाद आईपीएल-8 के सबसे महंगे खिलाड़ी युवराज (55) ने अपने कद के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए मयंक के साथ शतकीय साझेदारी निभाई और डेयरडेविल्स को जीत के करीब पहुंचा दिया। डेयरडेविल्स के 18 ओवरों में दो विकेट पर 159 रन थे और उन्हें जीत के लिए आखिरी के 12 गेंदों पर मात्र सात रन की जरूरत थी। लेकिन 19वां ओवर लेकर आए अनुरीत सिंह ने दूसरी और तीसरी गेंद पर क्रमश: युवराज और मयंक को चलता कर किंग्स इलेवन की उम्मीद को पूरी तरह खत्म नहीं होने दिया।

19वें ओवर में मैच हुआ रोमांचक
युवराज का शानदार कैच संदीप शर्मा ने लपका, जबकि मंयक क्लीन बोल्ड हुए। युवराज ने 39 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के लगाए, जबकि मयंक ने 48 गेंदों की अपनी नायाब पारी में सात चौके और दो छक्के जड़े। 19वें ओवर में डेयरडेविल्स सिर्फ चार रन बना सके और आखिरी छह गेंदों पर उन्हें जीत के लिए तीन रनों की दरकार थी और कप्तान जॉर्ज बैली ने आखिरी ओवर अक्षर पटेल को सौंपा।

11 हार के बाद पहली जीत
अक्षर ने शुरुआती दो गेंदों पर दो रन दिए, लेकिन तीसरी बॉल पर बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में केदार जाधव (3) का कैच अनुरीत ने लपक लिया। इस बीच छोर बदल चुके एंजिलो मैथ्यूज ने पांचवीं गेंद पर चौका जड़कर डेयरडेविल्स की आईपीएल में 11 हार के सिलसिले को तोड़ दिया। किंग्स इलेवन की ओर से अनुरीत को दो विकेट मिले, जबकि संदीप शर्मा और अक्षर ने एक-एक विकेट चटकाया।
original source of this post - http://www.bhaskar.com/news/SPO-IPL-NIPL-live-ipl-10th-match-kings-xi-punjab-v-delhi-daredevils-at-pune-4965242-NOR.html

No comments:

Post a Comment